बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो किशोरों की मौत, महिला गंभीर रूप से घायल
जौनपुर में शनिवार को एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। एक महिला घायल हो गई। सुइथाकला मोड़ पर सूरापुर की ओर से आ रही परिवहन निगम की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक शुभम गौतम (19) की मौके पर मौत हो गई। उनके साथी सतीश (18) ने जिला अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया। बाइक पर सवार संगीता का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसा सरपतहां थाना क्षेत्र के सुइथाकला गांव के पास हुई।
तीनों रूधौली बाजार से घर लौट रहे थे। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। घायल संगीता को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
शुभम और सतीश दोनों अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। शुभम के माता-पिता चंडीगढ़ में रहते हैं। वह गांव में रहकर दादा की सेवा कर रहा था। सतीश की एक बहन की शादी हो चुकी है। दूसरी अविवाहित है।
प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
✍️ राजन कुमार बदलापुर