दूल्हे की आंख में लेंस चमका, मंडप में हुआ खुलासा, विवाद पहुंचा थाने
जौनपुर जनपद के बरसठी थाना क्षेत्र के एक गांव में चल रहा विवाह समारोह उस समय विवाद में बदल गया जब मंडप में बैठने के दौरान दूल्हे की आंख में लगा लेंस लाइट की रोशनी में चमक उठा। यह देखकर लड़की पक्ष को शक हुआ, और जब जांच की गई तो पता चला कि दूल्हा एक आंख से नहीं देख सकता।
बारात मछलीशहर के निजामुद्दीनपुर गांव से आई थी। पिंटू गौतम अपने बेटे की बारात लेकर बरसठी क्षेत्र पहुंचे थे। विवाह की अन्य रस्में सामान्य रूप से चल रही थीं। बारातियों का स्वागत हुआ और देर रात तक डीजे पर नाच-गाना चलता रहा। लेकिन रात करीब 1 बजे, जब दूल्हा मंडप में बैठा, तभी यह असामान्यता सामने आई।
दूल्हे की आंख में लेंस चमकता देख महिलाओं ने जांच की तो सच सामने आया। लड़की पक्ष का आरोप है कि उन्हें कभी यह नहीं बताया गया कि दूल्हा एक आंख से नहीं देख सकता। वहीं दूल्हे के पिता का कहना है कि लड़की वालों ने लड़के को कई बार देखा था और यह जानकारी पहले से थी।
इस खुलासे के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पंचायत बुलाई गई जिसमें गांव के बुजुर्ग और सम्मानित लोग मौजूद थे। लड़की पक्ष ने शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग की, जिससे विवाद और गहरा गया।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल मामला थाने में है और दोनों पक्षों में सुलह की कोशिश जारी है।
✍️ राजन कुमार बदलापुर