नदी में नहाने गए 12 वर्षीय बालक की डूबने से दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम
बदलापुर विकासखंड के कृष्णापुर गांव में गुरुवार को गोमती नदी में नहाने गए 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भेलूपुर गांव निवासी सत्तू निषाद का पुत्र प्रिंस निषाद (12 वर्ष) तीन दिन पूर्व अपने मौसा अशोक निषाद के घर कृष्णापुर आया था। गुरुवार की दोपहर वह अपने कुछ साथियों के साथ गोमती नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।
साथी बच्चों के शोर मचाने पर आस-पास के लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे पानी से बाहर निकाला और बदलापुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।