बदलापुर में चायनीज मांझा बेचते पकड़ा युवक, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

बदलापुर में चायनीज मांझा बेचते पकड़ा युवक, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

 

जौनपुर। बदलापुर पुलिस ने प्रतिबंधित चायनीज मांझा बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला के नेतृत्व में मंगलवार को की गई।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चंदन शहीद मार्ग के पास सरोखनपुर गांव में अवैध रूप से चायनीज मांझा बेचा जा रहा है। जानकारी को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार गौतम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी करते हुए एक युवक को दबोच लिया।

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान आनंद निगम पुत्र रंजय निगम निवासी सरोखनपुर, बदलापुर, जौनपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 2.2 किलोग्राम प्रतिबंधित चायनीज मांझा और सिंथेटिक धागा बरामद हुआ।

चायनीज मांझा बेहद तेज और धारदार होने के कारण लोगों, खासकर बच्चों और राहगीरों के लिए बड़ा खतरा साबित होता है। साथ ही यह पक्षियों के लिए भी जानलेवा माना जाता है। कई दुर्घटनाओं को देखते हुए सरकार ने इसके निर्माण, बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार गौतम, हेड कांस्टेबल दीपक सिंह, कांस्टेबल अरविंद प्रजापति और महिला कांस्टेबल प्रज्ञा मिश्रा शामिल रहीं।

LOKWANI TIMES TEAM

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment