पनौली में यूबीआई मिनी बैंक संचालक की हत्या, लूट के बाद फरार हुए बदमाश

पनौली में यूबीआई मिनी बैंक संचालक की हत्या, लूट के बाद फरार हुए बदमाश

 

खुटहन (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के पनौली गांव में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। गांव के बाहर संचालित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की मिनी शाखा में घुसकर बदमाशों ने संचालक की निर्मम हत्या कर दी और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।

 

जानकारी के मुताबिक पनौली निवासी 58 वर्षीय फूलचंद पासवान उर्फ सेवाराम गांव के बाहर सड़क किनारे एक कमरे में यूबीआई मिनी बैंक का संचालन करते थे। रोज की तरह शुक्रवार सुबह करीब दस बजे वह बैंक खोलने पहुंचे थे। ठंड और कोहरे के कारण आसपास सन्नाटा था, इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।

करीब एक घंटे बाद जब कुछ महिलाएं पैसे निकालने बैंक पहुंचीं तो शटर बंद मिला। भीतर से कराहने की आवाज आने पर उन्होंने पास में ही दुकान चलाने वाले मृतक के छोटे भाई मेवाराम को सूचना दी। शटर खोलते ही सेवाराम खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़े मिले। उन्हें तत्काल शाहगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया है। मौके से एक ईंट बरामद हुई है। मृतक की जेब से करीब 1.68 लाख रुपये नकद भी मिले हैं, जबकि उनका मोबाइल फोन घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर एक परिषदीय विद्यालय के पास पड़ा मिला। पुलिस को आशंका है कि वारदात में तीन से चार बदमाश शामिल हो सकते हैं, जो शटर खुलते ही भीतर घुसे और हमला कर नकदी लूटकर फरार हो गए।

वहीं परिजनों का आरोप है कि सेवाराम की गोली मारकर हत्या की गई है। हत्या के तरीके और कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. कौश्तुभ, एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव और सीओ शाहगंज अजीत सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LOKWANI TIMES TEAM

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment