जौनपुर : पिकअप ने 4 पुलिसकर्मियों को मारी टक्कर, चौकी इंचार्ज समेत 4 लोग घायल
जौनपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस टीम पर हमले की घटना सामने आई है। चंवरी बाजार के पास पिकअप वाहन ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए टक्कर मार दी। इस घटना में पराऊगंज पुलिस चौकी की इंचार्ज प्रतिमा सिंह समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना रात करीब 12:30 बजे की है। पुलिस टीम गश्त के बाद थानागद्दी-जलालपुर सड़क मार्ग से पराऊगंज पुलिस चौकी लौट रही थी। चंवरी बाजार के नजदीक थानागद्दी की तरफ जा रही पिकअप ने पहले बाइक सवार दो पुलिसकर्मियों अरविंद और देवेंद्र को टक्कर मारी।
इसके बाद करीब 500 मीटर आगे उसी पिकअप ने चौकी इंचार्ज प्रतिमा सिंह की स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वे और सिपाही श्याम घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल चौकी इंचार्ज प्रतिमा सिंह को पहले सीएचसी रेहटी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य तीन पुलिसकर्मियों का इलाज स्थानीय निजी अस्पताल में चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में इस घटना में पशु तस्करों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
एसपी सिटी और पीआरओ सहित कई अधिकारी घायल चौकी इंचार्ज से मिलने ट्रामा सेंटर पहुंचे। पुलिस ने पिकअप वाहन की तलाश तेज कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।