महराजगंज में धर्म परिवर्तन का प्रयास, 5 आरोपी गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में ईसाई साहित्य बरामद
महराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केवटली में रविवार को पुलिस ने धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय के निर्देशन में उपनिरीक्षक मुरलीधर व उनकी टीम द्वारा की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी राकेश सिंह ने थाना महराजगंज में तहरीर दी कि कुछ लोग हिंदू धर्म की निंदा कर ईसाई धर्म में जबरन परिवर्तित कराने का प्रयास कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
गिरफ्तार आरोपियों में गुलाब चन्द्र (पास्टर), सदीप कुमार, राम अनुज, राजेश कुमार और सुनील कुमार शामिल हैं, जो विभिन्न स्थानों से संबंधित हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 10 बाइबिल, 19 पॉकेट बुक्स, 74 अन्य धर्मांतरण से संबंधित पुस्तकें व 124 फोटोग्राफ सहित एक एल्बम बरामद किया है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुरलीधर, हेड कांस्टेबल मनोज गौड़, कांस्टेबल आस्तुक यादव, रोहित सिंह व विकास कुमार शामिल रहे। सभी आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है, और मामले की आगे जांच जारी है।






