आकाशीय बिजली गिरने से किशोरी की मौत, परिवार में मचा कोहराम
जौनपुर जनपद के महराजगंज क्षेत्र के गोठवा गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी रुचि गौतम की आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह सुजानगंज थाना क्षेत्र के हरीपुर गांव स्थित अपने ननिहाल में थी और वहां अन्य महिलाओं के साथ खेत में धान की रोपाई कर रही थी।
बताया जा रहा है कि रोपाई के दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ ही जोरदार आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर रुचि गंभीर रूप से झुलस गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ननिहाल और मायके दोनों जगहों पर कोहराम मच गया। मृतका की मां सावित्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन घटना से सदमे में हैं। रुचि तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़ी थी और घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाती थी।
गांव में यह दुखद घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिए जाने की मांग की है।