बक्शा ब्लॉक में हड़कंप: महिला पत्रवाहक ने लगाए अधिकारियों पर गंभीर आरोप, जांच शुरू
जौनपुर (नौपेड़वा)। बक्शा विकास खंड मुख्यालय शुक्रवार को उस समय सुर्खियों में आ गया जब एक महिला पत्रवाहक की शिकायत पर गठित जिला स्तरीय जांच टीम मौके पर पहुंची। महिला ने ब्लॉक के तीन अधिकारियों—खंड विकास अधिकारी (BDO), सहायक विकास अधिकारी (आईएसबी), और लेखाकार—पर अभद्रता, अनैतिक मांग और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला कर्मचारी ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि जब से उसने अधिकारियों की अनुचित मांगें मानने से इनकार किया है, तब से उसके साथ लगातार अमर्यादित भाषा में व्यवहार किया जा रहा है और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को संयुक्त जांच अधिकारी नियुक्त किया है। दोनों अधिकारी शुक्रवार को ब्लॉक परिसर पहुंचे और शिकायतकर्ता सहित नामजद अधिकारियों के बयान दर्ज किए।
उधर, खंड विकास अधिकारी ने खुद पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें निराधार और बदनाम करने की साजिश बताया। हालांकि, जांच टीम की मौजूदगी के चलते दिनभर ब्लॉक परिसर में चर्चा का माहौल बना रहा और कर्मचारियों के बीच हलचल रही।
फिलहाल, सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई तय मानी जा रही है। इस घटनाक्रम ने जिले के प्रशासनिक हलकों में खलबली मचा दी है।