जौनपुर में कोहरे की चादर, ठंड ने बढ़ाई मुश्किलें; स्कूल टाइमिंग बदली

जौनपुर में कोहरे की चादर, ठंड ने बढ़ाई मुश्किलें; स्कूल टाइमिंग बदली

 

जौनपुर जनपद के बदलापुर तहसील क्षेत्र में घने कोहरे और बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बुधवार को देर रात से दोपहर 12 बजे तक घना कोहरा छाया रहा, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। पांच किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही हवाओं ने सर्दी का असर और तेज कर दिया है।

घनश्यामपुर, लखनेपुर, देनुआ, बड़ेरी, कम्मरपुर, देवरामपुर और भटेहरा जगतपुर जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में लोग ठंड से बचने के लिए घरों में अलाव जलाकर बैठे रहे।

यह कड़ाके की ठंड नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों के लिए विशेष रूप से प्रतिकूल साबित हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों सहित आम लोगों के दैनिक कार्यों पर भी इसका असर पड़ा है। सुबह के समय कोहरे और ठंड के कारण बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करने में अभिभावकों को कठिनाई का सामना करना पड़ा।

दोपहर 12 बजे तक सूर्य के दर्शन नहीं हुए, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। जब बादल छंटे और सूरज निकला, तो उसकी रोशनी चंद्रमा जैसी मंद प्रतीत हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने जिले के सभी परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, सीबीएसई, आईसीएससी, राज्य बोर्ड, मदरसे और सहायता प्राप्त स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है।

इन आदेशों के तहत, अब स्कूल सुबह 10 बजे खुलेंगे और दोपहर तीन बजे तक संचालित होंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

पिछले पांच दिनों का तापमान रिकॉर्ड इस प्रकार है:

13 दिसंबरः अधिकतम 23°C, न्यूनतम 10°C

14 दिसंबरः अधिकतम 23°C, न्यूनतम 09°C

15 दिसंबरः अधिकतम 23°C, न्यूनतम 11°C

16 दिसंबरः अधिकतम 23°C, न्यूनतम 10°C

17 दिसंबरः अधिकतम 21°C, न्यूनतम 09°C

मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि आने वाले दिनों में कोहरा और अधिक घना होगा, जिससे ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।

LOKWANI TIMES TEAM

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment